स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अन्तर्गत आयोजित इंडियन स्वच्छता लीग में यूपी के तीन नगर निगम पुरस्कृत

by Vimal Kishor

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में यूपी के 3 नगर निगम, 3 नगर पंचायत और 4 नगर पालिका परिषद पुरस्कार के लिए चुना गया

02 अक्टूबर को लखनऊ में पूरी होगी स्वच्छता जनसम्पर्क यात्रा

लखनऊ,समाचार10India। स्वच्छ भारत मिशन – नगरीय निदेशालय द्वारा गोमतीनगर विस्तार स्थित निदेशालय में शनिवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग अमृत अभिजात और राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन श्रीमती नेहा शर्मा ने पत्रकारों को सम्बोधित किया। वार्ता में प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग श्री अमृत अभिजात ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रदेश स्तर पर किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। प्रमुख सचिव ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन – शहरी के अंतर्गत बीते दिनों एक अतंर-नगरीय प्रतिस्पर्धा ‘इंडियन स्वच्छता लीग’ (आईएसएल) का आयोजन किया गया था। इसमें, देश भर के 1800 से ज्यादा शहरों ने भाग लिया। इस इंडियन स्वच्छता लीग में उत्तर प्रदेश के शहरों ने नया कीर्तिमान रचा है। प्रदेश के नगर निगम अलीगढ़, नगर निगम मेरठ और नगर निगम आगरा को विशेष पुरस्कार किया गया है। इन नगर निकायों को कचरा मुक्त शहर बनाने की दिशा में जनभागीदारी से अभिनव प्रयोगों के लिए यह पुरस्कार दिए गए हैं। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान में यह पुरस्कार दिए गए हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के नतीजे जारी
प्रेस वार्ता में प्रमुख सचिव ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के नतीजे के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन बेहतर रहा है। प्रदेश के 3 नगर निगम, 4 नगर पालिका परिषद और 3 नगर पंचायत को पुरस्कारों के लिए चुना गया है। इस सूची में नगर निगम लखनऊ, नगर निगम कानपुर, नगर निगम मेरठ, नगर पालिका परिषद गंगाघाट, नगर पालिका परिषद गजरौला, नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर, नगर पालिका परिषद बिजनौर, (नगर पंचायत जैथरा, नगर पंचायत इकदिल और नगर पंचायत चिरैयाकोट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के नतीजे नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में घोषित किए जा रहे हैं।

स्वच्छता जनसम्पर्क यात्रा आज लखनऊ में
प्रेस वार्ता के दौरान राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन नेहा शर्मा ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन – नगरीय निदेशालय के स्तर पर 29 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2022 के बीच स्वच्छता उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उक्त कैम्पेन में इंडियन स्वच्छता लीग एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के संबंध में जन जागरूकता फैलाने के लिए चयनित 15 जनपदों से बाइकर्स की टीम द्वारा स्वच्छता जन सम्पर्क यात्रा शुरू की गई है। नेहा शर्मा ने बताया कि कानपुर, बरेली, मेरठ, प्रयागराज, वाराणासी, गोरखपुर समेत 15 जनपदों से निकले 200 से ज्यादा बाइकर्स प्रदेश के 75 जिलों से होते हुए 1,00,000 किलोमीटर की यात्रा के संकल्प के साथ 2 अक्टूबर को स्वच्छता ध्वज लेकर लखनऊ पहुंच रहे हैं। इस मौके पर लखनऊ के 1090 चौराहे पर एक विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment