शीर्षक: PMJAY के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं में बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ ने प्रदेश में हासिल किया सर्वोच्च स्थान

by Vimal Kishor

​
लखनऊ,उत्तर:प्रदेश-समाचार10India। आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के सफल 8 वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के 5 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य “आयुष्मान संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस राज्य-स्तरीय आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन के लिए बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ को PMJAY के अंतर्गत ‘प्री-ऑथ’ (Pre-Authorization) एवं ‘क्लेम इंसेंटिव’ के सबसे प्रभावी और उत्कृष्ट उपयोग के लिए प्रदेश के शीर्ष जिला अस्पतालों में चुना गया तथा सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति:स्वास्थ्य क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण महाकुंभ में प्रमुख सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) श्रीमती हेकाली झिमोमी, सचिव श्रीमती ऋतु माहेश्वरी और SACHIS की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्रीमती अर्चना वर्मा सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रदेशभर के अस्पतालों के इस बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की। अस्पताल के शीर्ष अधिकारियों ने ग्रहण किया गौरवशाली सम्मान:कार्यक्रम के दौरान बलरामपुर अस्पताल की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का मान बढ़ाते हुए अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया। जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता:इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा मुख्य ध्येय और प्राथमिकता है। उन्होंने आगे बताया कि अस्पताल में प्री-ऑथराइजेशन और क्लेम निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी, प्रभावी और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसके लिए बलरामपुर अस्पताल की पूरी डॉक्टरी और प्रशासनिक टीम निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। यह सम्मान अस्पताल से जुड़े प्रत्येक चिकित्सक और कर्मचारी की मेहनत और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा का प्रमाण है।

You may also like

Leave a Comment