
लखनऊ,उत्तर:प्रदेश-समाचार10India। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र के फरीदीपुर स्थित संजय ज्वेलर्स वाली गली की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। गली पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात का मौसम नजदीक है, ऐसे में क्षेत्रवासियों को आशंका है कि बारिश शुरू होते ही यह गली कीचड़ और जलभराव से भर जाएगी, जिससे आवागमन और भी कठिन हो जाएगा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गली से प्रतिदिन सैकड़ों लोग, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गली का निर्माण नहीं कराया गया, तो बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ नगर निगम, लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले इस गली का तत्काल निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि मुख्य सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में मोहल्ले की इस महत्वपूर्ण गली का निर्माण भी प्राथमिकता पर कराया जाना चाहिए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जनहित में स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि संजय ज्वेलर्स वाली गली का तत्काल निरीक्षण कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को होने वाली परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।

