ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत अलर्ट, नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह

by Vimal Kishor

तेहरान,समाचार10India-रिपोर्ट.शाश्वत तिवारी। भारत ने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें वहां रहने वाले नागरिकों को जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की सलाह दी गई है। नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। परमाणु कार्यक्रम पर समझौते को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है। इस बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एहतियात के तौर पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए यह सलाह जारी की है।

भारतीय दूतावास ने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अपनी यात्रा का विवरण और दस्तावेज भी तैयार रखने को कहा है। इसके अलावा उन्हें दूतावास के साथ संपर्क में रहने को भी कहा गया है। भारतीय दूतावास ने अपनी पिछली एडवाइजरी को दोहराते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग बदलती स्थिति पर नजर रखें और जल्द से जल्द उड़ानों और अन्य किसी भी विकल्प की मदद से ईरान छोड़ दें।

दूतावास ने इस एडवाइजरी की कॉपी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी साझा की है, जिसमें कहा गया है पांच जनवरी को भारत सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी की निरंतरता में और ईरान में बदलती स्थिति को देखते हुए, ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (जिनमें छात्र, व्यापारी, पर्यटक और तीर्थयात्री शामिल हैं) को उपलब्ध परिवहन साधनों का इस्तेमाल करते हुए तत्काल ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है। सभी भारतीयों से प्रार्थना है कि वे अपने ट्रैवल और इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स, जिसमें पासपोर्ट और आईडी शामिल हैं, अपने पास ध्यान से रखें। उनसे रिक्वेस्ट है कि इस बारे में किसी भी मदद के लिए इंडियन एम्बेसी से कॉन्टैक्ट करें।

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच अभी तक न्यूक्लियर डील नहीं हो पाई है और उनके बीच अगले राउंड की बातचीत जल्द ही जिनेवा में हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूक्लियर डील पर अनिश्चितता के बीच अमेरिका ने ईरान के आसपास वॉरशिप और अपनी सेना की मौजूदगी और बढ़ा दी है, जिससे युद्ध जैसे हालात बन सकते हैं।

You may also like

Leave a Comment