
कोलंबो,समाचार10 India-रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के आवास, निर्माण एवं जलापूर्ति मंत्री डॉ. सुशील रणसिंघे ने अम्पारा में संयुक्त रूप से महात्मा गांधी आदर्श ग्राम का उद्घाटन किया। भारत की आर्थिक सहायता से निर्मित 24 घरों वाले इस ग्राम को 24 लाभार्थी परिवारों को सौंप दिया गया।
कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने 30 अक्टूबर को एक बयान में कहा आदर्श ग्राम आवास परियोजना भारत सरकार के अनुदान सहायता से श्रीलंका के आवास, निर्माण एवं जल आपूर्ति मंत्रालय के साथ मिलकर द्वीप के सभी 25 जिलों में क्रियान्वित की जा रही है। इस परियोजना के लिए अक्टूबर 2017 में भारत सरकार और श्रीलंका सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे।
इस परियोजना में श्रीलंका के 600 निम्न-आय वाले परिवारों के लिए आवास सुविधाएं शामिल हैं, जिनमें जिला आवास समितियों द्वारा चुने गए परिवारों के लिए प्रत्येक जिले में 24 घरों वाला एक आदर्श गांव शामिल है। उच्चायोग ने कहा इस परियोजना के अंतर्गत पहले ही 16 जिलों में आदर्श गांवों का उद्घाटन और हस्तांतरण किया जा चुका है, जिनमें बट्टिकलोवा, वावुनिया, जाफना, कैंडी, गम्पाहा, अनुराधापुरा, बादुल्ला, मटाले, पुट्टलम, कोलंबो, त्रिंकोमाली, मोनारागला, किलिनोच्ची, मन्नार, मुल्लैथिवु और रत्नापुरा शामिल हैं। परियोजना की प्रगति लगभग 98% है और शेष आदर्श गांवों का भी जल्द ही उद्घाटन और लाभार्थियों को हस्तांतरण किए जाने की उम्मीद है।
इसके साथ ही भारतीय राजयनिक झा ने अम्पारा जिले के कलमुनाई में छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आठ स्कूलों को अध्ययन मेज़ें और कुर्सियां भी भेंट कीं। बता दें कि भारत अपनी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति का अनुसरण करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में श्रीलंका की मदद करता रहता है। दो दिन पहले ही भारतीय उच्चायुक्त ने अम्पारा जिले के पोट्टुविल संभाग के कोमारी गांव में एक आरओ जल संयंत्र और एक बस शेल्टर का उद्घाटन किया था। भारत सरकार द्वारा दान किए गए इस संयंत्र से गांव और उसके आसपास के लगभग 1000 लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं बस शेल्टर, जो भारत की जनता की ओर से एक उपहार है, सभी क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक लाभान्वित करेगा।


