मिल्कीपुर में पंचायत भवन व डिजिटल लाइब्रेरी का विधायक चन्द्रभानु पासवान ने किया लोकार्पण

ग्रामीणों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात, लोगों ने जताया विधायक आभार

by Vimal Kishor

 

अयोध्या,उत्तर.प्रदेश-समाचार10India। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बसावां ईटगांव, विकास खंड मिल्कीपुर में सोमवार को नवनिर्मित पंचायत भवन एवं डिजिटल लाइब्रेरी का भव्य लोकार्पण विधायक चंद्रभानु पासवान द्वारा किया गया। लोकार्पण के बाद दोनों भवनों को ग्रामवासियों को समर्पित कर ग्रामीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और फीता काटकर विधायक ने पंचायत भवन एवं डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि पंचायत भवन गांव के प्रशासनिक कार्यों, जनसुनवाई, बैठकों और विकास योजनाओं के संचालन का सशक्त केंद्र बनेगा। ग्रामीणों को अब कई आवश्यक कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी क्षेत्र के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, इंटरनेट, डिजिटल संसाधन और तकनीकी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांवों को आत्मनिर्भर, आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की हर सुविधा पहुंचाना है, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment