तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जज्बा, बीएलएस इंटर कॉलेज से निकली भव्य यात्रा

by Vimal Kishor

लखनऊ,समाचार10India। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को बीएलएस इंटर कॉलेज, ठाकुरगंज से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया। तिरंगा यात्रा ठाकुरगंज चौराहा होते हुए घास मंडी चौराहे तक पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में पहुंचकर भव्य रूप से संपन्न हुई।

यात्रा में मुख्य अतिथि डॉ. नीरज बोरा के साथ विवेक सिंह तोमर, पूर्व नगर महामंत्री राम अवतार कन्नौजिया, पार्षद सी.बी. सिंह, पार्षद अनुराग मिश्रा, मंडल अध्यक्ष दया पांडे एवं मंडल महामंत्री सतीश शर्मा,दुर्गेश पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। फलक ने भारत माता, अलीशा इस्लाम ने सरोजिनी नायडू, जिक्रा ने रानी लक्ष्मीबाई, असीम ने महात्मा गांधी और साहिल खान ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का रूप धारण कर देशभक्ति का संदेश दिया। विद्यालय के शिक्षकों एवं वॉलिंटियर्स ने अनुशासन और व्यवस्थित ढंग से यात्रा को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सैकड़ों विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू,निर्देशक प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर गौतम, वाइस प्रिंसिपल रोमा जाफरी एवं उमा शर्मा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों के उत्साह और राष्ट्रभक्ति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

You may also like

Leave a Comment