
लखनऊ,उत्तर.प्रदेश-समाचार10India। राजधानी लखनऊ मे प्रेरणा, नवाचार और सशक्तिकरण का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब “आई-इंस्पिरेशन (दूसरों को प्रेरित करना) अवॉर्ड्स 2026 – 5वां संस्करण” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वी केयर फाउंडेशन एवं महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि श्रीमती नम्रता पाठक, सदस्य विधान परिषद अवनीश सिंह तथा विधायक नीरज बोरा, डॉ. प्रियंका मौर्य (सदस्य, राज्य महिला आयोग) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का आयोजन हिल्टन गार्डन इन में किया गया, जहां समाज में शिक्षा, प्रेरणा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण समकालीन विषयों पर आयोजित पैनल चर्चाएं रहीं। “शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का भविष्य” विषय पर विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका, अवसरों और चुनौतियों पर विस्तार से विचार साझा किए।विशेषज्ञों ने माना कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आने वाले समय में शिक्षा प्रणाली को अधिक व्यक्तिगत, प्रभावी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी।वेलबीइंग भीतर से शुरू होता है – फिटनेस” सत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि सशक्त समाज की नींव स्वस्थ और आत्मनिर्भर महिलाओं से ही मजबूत होती है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने डॉ. रेनू सिंह की पीएचडी शोध से प्रेरित पुस्तक “पीड़ा से प्रेरणा: महिलाओं को सशक्त बनाना, परिवर्तन को प्रेरित करना” का विमोचन किया।यह पुस्तक महिलाओं की संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक जीवन यात्राओं को उजागर करती है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है।कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. रेनू सिंह द्वारा किया गया, जो महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना, महिलाओं को सशक्त बनाना और शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों के प्रभाव को समझने के लिए एक प्रभावशाली मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. भानु प्रताप प्रमुख रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों में शामिल रहे: दीक्षा सचदेवा, डॉ. गीता खन्ना, डॉ. ऋचा मिश्रा, अनिता अग्रवाल, डॉ. विजय रत्ना तोमर (ब्लॉक प्रमुख)।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्य को “आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स” से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड समारोह का पांचवां वर्ष रहा, जो इसकी निरंतर सफलता और सामाजिक प्रभाव को दर्शाता है।
कार्यक्रम में देश की पहली महिला बैंड की प्रमुख जया तिवारी द्वारा स्वलिखित गाने की एक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी महिलाओं में जोश का संचार कर दिया। “आई-इंस्पिरेशन अवॉर्ड्स 2026” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच बनकर उभरा है, जहां विचार, प्रेरणा और नवाचार मिलकर समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

