
लखनऊ,उत्तर.प्रदेश समाचार10India। उत्तर प्रदेश की राजधानी में कला और सिनेमा के महाकुंभ ‘लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ‘ का आगाज़ बुधवार 15 अप्रैल को सुबह धूमधाम से हुआ। इस प्रतिष्ठित समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी और फेस्टिवल के संस्थापक व आयोजक आयूब खान ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात, भारतीय सिनेमा की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले जी को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। फेस्टिवल के पहले दिन ज्यूरी द्वारा चयनित कुल 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की गई, जो देर रात तक चली।
प्रदर्शित प्रमुख फिल्मों में जसवंत सिंह झज्ज द्वारा निर्मित और अमरदीप सिंह गिल द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पाणी द वॉटर’, श्रीमती आशा सकलानी द्वारा निर्मित व देबू रावत द्वारा निर्देशित फिल्म ‘निखान्या जोग’, ओमकार राउत द्वारा निर्मित और जतिंदर सैराज निर्देशित ‘मिशन परफॉरमेंस’, आतिश कुमार राउत की फिल्म ‘आरव’ (निर्देशिका सुश्री सबिता), तथा चरणपाल सिंह की ‘लॉर्ड्स सिग्नल’ शामिल रहीं। इस अवसर पर फिल्म जगत के नामचीन कलाकार, निर्माता, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने दर्शकों के साथ सिनेमाई बारीकियों पर चर्चा की। आयोजन के संस्थापक आयूब खान ने बताया कि यह फेस्टिवल विश्व सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का एक निरंतर प्रयास है। उन्होंने बताया कि अब यह फेस्टिवल प्रति वर्ष आयोजित किया जायेगा।

