
अयोध्या,उत्तर प्रदेश-समाचार10India। उत्तर प्रदेश की अपर मुख्य सचिव परिवहन और परिवहन आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को आरटीओ प्रशासन सुश्री ऋतु सिंह ने स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल (https://upisvmp.com/) की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अयोध्या जनपद के एआरटीओ, संभागीय निरीक्षक और तकनीकी स्टाफ मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान स्कूल वाहनों के पोर्टल पर ऑनबोर्ड होने और उनके भौतिक निरीक्षण की धीमी गति पर आरटीओ ने कड़ा रोष व्यक्त किया।
युद्ध स्तर पर निरीक्षण के निर्देश सुश्री ऋतु सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्कूल वाहनों का मानकों के अनुरूप निरीक्षण कर उनकी रिपोर्ट तत्काल पोर्टल पर दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कठोर कार्रवाई की जाए और इसकी आख्या भी पोर्टल पर अपडेट हो। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को चेतावनी दी कि किसी भी दशा में अनफिट वाहनों का संचालन न किया जाए।शिक्षा विभाग से सहयोग की अपील परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि अब तक लगभग 85 स्कूलों से संपर्क कर उन्हें पोर्टल पर ऑनबोर्ड होने के लिए प्रेरित किया गया है।
अपेक्षित प्रगति न देखते हुए आरटीओ ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, डीआईओएस और बेसिक शिक्षा अधिकारी से अपील की है कि वे भी अपने स्तर से स्कूलों को इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कार्य के लिए निर्देशित करें।अभिभावकों के लिए संदेश आरटीओ ने अभिभावकों से भी सजग रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभिभावक स्वयं स्कूल प्रबंधन से मिलकर अपने बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की फिटनेस के संबंध में जानकारी प्राप्त करें। बैठक में अयोध्या मंडल के सभी एआरटीओ और पीटीओ को निर्देश दिए गए कि वे समयबद्ध तरीके से इस कार्य को पूरा करें ताकि उच्चाधिकारियों के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो सके।

