भाजपा को निकालनी चाहिए क्षमा याचना यात्रा: अजय कुमार लल्लू

by Vimal Kishor

लखनऊ,समाचार10India।  यूपी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को कहा कि, आज भाजपा द्वारा शुरू की गई ‘‘जन आशीर्वाद यात्रा’’ वास्तव में ‘‘जन अपमान यात्रा’’ है। उन्‍होंने कहा, सत्यता यह है कि सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा बेरोजगारी से त्रस्त हमारे युवाओं, आठ माह से सड़कों पर बैठे बदहाल किसानों को चिढ़ाने के लिए निकाली गई यात्रा है। यूपी की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है, जहां केवल सत्ता का अहंकार एवं निरंकुशता है। जो पंचायत चुनाव में ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव के नामांकन में प्रत्याशियों के साथ घटी अपमानजनक घटनाओं और उनके चीर हरण से समझा जा सकता है।

यूपी का युवा बेरोजगार
अजय कुमार लल्‍लू ने कहा कि, यूपी में अधिकांश राजनैतिक दल जन मुद्दों को लेकर सड़क पर नहीं उतर सकते, यह पुलिसिया उत्पीड़न और दमन का जीता जागता उदाहरण है। बावजूद इसके कांग्रेस साढ़े चार वर्षों से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है। 23 करोड़ की विशाल आबादी वाला प्रदेश इस समय बेरोजगारी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। हमारे प्रदेश का युवा हताशा एवं निराशा के दौर में है। उन्‍होंने आगे कहा कि, 70 लाख रोजगार का वादा करने वाली सरकार ने स्वयं स्वीकार किया है कि साढ़े 4 वर्षों में केवल 4 लाख रोजगार दे सकी है। सरकार का खुद का आंकड़ा बेरोजगारी की भयावहता की तरफ इशारा करता है। आये दिन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विभिन्न भर्ती बोर्डों में परीक्षा दे चुके, फॉर्म भर चुके नौजवान लाठी खाने एवं गोमती में छलांग लगाने को मजबूर रहते हैं। उत्‍तर प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग ने 2016 से 2019 के बीच 24 प्रकार की भर्ती निकाली, जिनमें 22 भर्तियां अटकी पड़ी हुई हैं। सच यह है कि प्रदेश की बेरोजगारी दर 16 प्रतिशत से अधिक है।

प्रदेश का किसान सबसे मुश्किल दौर में
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, यूपी का किसान अत्यन्त बदहाल स्थिति में है। किसान पिछले 4 वर्षों में सरकारी गलत नीतियों के चलते लागत में दोगुने से ज्यादा बढ़ोत्तरी की मार झेल रहा है। सरकार की किसान विरोधी नीति का सबसे बड़ा उदाहरण कृषि उपकरणों पर 18 प्रतिशत जीएसटी है। दोगुने लागत पर सरकार द्वारा घोषित एमएसपी पर कृषि उपज की खरीद ना हो पाना, करीब 16 हजार करोड़ से ऊपर गन्ना मूल्य का भुगतान ना होना, छुट्टा जानवरों की अराजकता से प्रदेश का किसान सबसे मुश्किल दौर में है।

बीजेपी को निकालनी चाहिए क्षमा याचना यात्रा
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने कहा, इन तमाम समस्याओं के बाद भाजपा को अपनी बेशर्मी त्यागकर ‘‘जन आशीर्वाद यात्रा’’ की जगह प्रदेश की जनता से ‘‘क्षमा याचना यात्रा’’ निकालनी चाहिए। उन्‍होंने कहा, भाजपा को इन समस्याओं का समाधान ना कर पाने के कारण प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

You may also like

Leave a Comment