लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में राज्य के पहले ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर का शुभारंभ किया गया

1एम1बी और माइक्रोसॉफ्ट ने उत्तर प्रदेश के पहले ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर की शुरुआत किया

by Vimal Kishor

 

लखनऊ,उत्तर:प्रदेश-समाचार10India। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के चलते उद्योगों में आते बदलाव और हरित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ती दुनिया के कदमों से ताल मिलाने के लिए 1एम1बी फाउंडेशन (1M1B) ने माइक्रोसॉफ्ट, एमईआईटीवाई स्टार्टअप हब तथा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आज लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में राज्य के पहले ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर का शुभारंभ किया।

इस सेंटर का उद्घाटन प्रो. जय प्रकाश सैनी, कुलपति, लखनऊ विश्वविद्यालय ; मानव सुबोध, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी , वन मिलियन फॉर वन बिलियन फाउंडेशन, तथा अनीशा अव्राचन, प्रोग्राम मैनेजर – सीएसआर, माइक्रोसॉफ्ट, प्रो. (डॉ.) पुनीत मिश्रा, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया।

उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने वीडियो संदेश के माध्यम से उपस्थित सभी अतिथियों को संबोधित किया तथा सेंटर की स्थापना पर अपनी शुभकामनाएँ देते हुए युवाओं को एप्लाइड एआई एवं ग्रीन स्किल्स से सशक्त बनाने की इस पहल की सराहना की।

इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने कहा: ” 1एम1बी और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से हमारे मुख्य परिसर में उत्तर प्रदेश के पहले ‘सेंटर फॉर ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई’ की स्थापना लखनऊ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और आधुनिक दृष्टिकोण का जीवंत प्रमाण है। यह केंद्र हमारे छात्र-छात्राओं को पारंपरिक शिक्षा से आगे ले जाकर एआई और सस्टेनेबिलिटी जैसे भविष्य के विषयों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) की भावना के अनुरूप, यह अभिनव पहल न केवल हमारे युवाओं की वैश्विक रोजगार क्षमता (Employability) को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक व तकनीकी इनोवेटर के रूप में तैयार करेगी।”

यह सेंटर युवाओं को एप्लाइड एआई और ग्रीन स्किल्स से सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, ताकि वे जलवायु परिवर्तन और सतत विकास से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान विकसित कर सकें तथा हरित अर्थव्यवस्था में उभरते रोजगार अवसरों के लिए तैयार हो सकें।
लखनऊ सेंटर, वन मिलियन 1एम1बी और माइक्रोसॉफ्ट द्वारा एमईआईटीवाई स्टार्टअप हब के सहयोग से देशभर में स्थापित किए जा रहे पाँच सेंटरों में तीसरा है। बेंगलुरु और हैदराबाद के बाद, जल्द ही नोएडा और शिलांग में भी ऐसे सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे एप्लाइड एआई, जलवायु नवाचार और भविष्य की कौशल आवश्यकताओं पर आधारित एक राष्ट्रीय नेटवर्क तैयार होगा।

इस अवसर पर 1एम1बी फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ मानव सुबोध ने कहा: “भारत का वास्तविक एआई लाभ उन 90 प्रतिशत लोगों से आएगा जो एआई का उपयोग करेंगे, न कि केवल उन 10 प्रतिशत लोगों से जो एआई का निर्माण करेंगे। लखनऊ का ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर उत्तर प्रदेश के युवाओं को एआई और ग्रीन स्किल्स से सशक्त बनाने की हमारी प्रतिबद्धता है, ताकि वे विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और उभरते उद्योगों के लिए आवश्यक कौशल हासिल कर सकें, सतत आजीविका का निर्माण करें और भारत की एआई-संचालित हरित अर्थव्यवस्था को गति दें।”

सामूहिक रूप से ये पाँचों सेंटर वर्ष 2030 तक 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखते हैं तथा 50,000 नौकरियों, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेंगे। पहले वर्ष में यह पहल 20,000 युवाओं को प्रशिक्षित करेगी, जिनमें से 10,000 युवाओं को रोजगार एवं करियर के अवसरों से जोड़ा जाएगा। साथ ही, देशभर में एआई आधारित जलवायु नवाचार के 50 यूज़ केस के विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। केवल लखनऊ सेंटर पहले वर्ष में 5,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित करेगा।

मंजू धस्माना, सीनियर डायरेक्टर एलीवेट सीएसआर, माइक्रोसॉफ्ट, ने कहा: “माइक्रोसॉफ्ट, उत्तर प्रदेश सरकार के एआई -सक्षम और भविष्य के लिए तैयार राज्य के निर्माण के दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए गर्व महसूस करता है। लखनऊ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, युवाओं को एप्लाइड एआई और ग्रीन स्किल्स से सशक्त बनाकर भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केंद्र जलवायु संबंधी चुनौतियों के स्थानीय समाधान विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

पारंपरिक कौशल विकास कार्यक्रमों से अलग, यह सेंटर नवाचार और कार्यबल विकास केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहाँ विद्यार्थी नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, जलवायु अनुकूलन, कृषि, विनिर्माण और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों की वास्तविक चुनौतियों के समाधान के लिए एआई का उपयोग करना सीखेंगे। सोलर, इलेक्ट्रिक व्हीकल , विंड एनर्जी और एप्लाइड एआई के लिए समर्पित लर्निंग ज़ोन से सुसज्जित यह सेंटर व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग आधारित परियोजनाएँ, नवाचार कार्यक्रम, इंटर्नशिप, उद्यमिता सहायता और इनक्यूबेशन सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा। साथ ही, 1एम1बी के जॉब फेयर और उद्योग सहभागिता कार्यक्रम युवाओं को रोजगार एवं करियर के अवसरों से जोड़ने में सहायता करेंगे।

इन सेंटरों का संचालन 1एम1बी फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा, जबकि माइक्रोसॉफ्ट अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत एआई तकनीक, डिजिटल लर्निंग संसाधन, कर्मचारी मेंटरशिप, नवाचार चुनौतियों और क्षमता निर्माण के माध्यम से इस पहल को सहयोग प्रदान करेगा।

You may also like

Leave a Comment