
अयोध्या,उत्तर.प्रदेश-समाचार10India। अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में स्थित आदर्श पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आज 22 अप्रैल 2026 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकाली। चारों सदनों के छात्र-छात्राएं निर्धारित रंग के वेश में हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियों को लेकर धरती को बचाने और उसे हरा भरा रखने का संदेश दिया। छात्र रैली का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक श्री आर0 के0 मौर्य के द्वारा हरी झंडी दिखाने के साथ हुआ। इस रैली का प्रमुख उद्देश्य पृथ्वी को हरा भरा रखना, जैव विविधता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
छात्र रैली का नेतृत्व स्कूल के हेड बॉय आदित्य कश्यप और हेड गर्ल आराध्या तिवारी स्कूल का ध्वज लेकर कर रहे थे। उनके पीछे हाउस कैप्टन अपने-अपने सदन का ध्वज लेकर छात्र-छात्राएं अनुशासन के साथ पैदल मार्च कर रहे थे। यह रैली रुदौली स्थित कोतवाली पर संपन्न हुई। कोतवाली पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक श्री आर0के0मौर्य ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं वर्तमान में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक कसौधन जी को पौधा देकर सम्मानित किया। निदेशक श्री पंकज मौर्या ने कोतवाली प्रभारी श्री संजय मौर्य को पौधा देकर सम्मानित किया तथा प्रधानाचार्य सर्वजीत मिश्रा ने क्राइम ब्रांच प्रभारी श्री संतोष यादव को पौधा देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक आर0के0 मौर्य अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन हो रहा है, प्रदूषण बढ़ रहा है तथा प्राकृतिक संसाधनों का क्षय हो रहा है। आज आवश्यकता है कि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी धरती माता को स्वच्छ रखें, उसे हरा भरा बनाएं और उसकी रक्षा करें। पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाएं।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या श्रीमती शिखा श्रीवास्तव, शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कोतवाली के अन्य सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे। छात्र रैली के अंत में प्रधानाचार्य श्री सर्वजीत मिश्रा ने वृक्षों की शीतल छाया के सुखद अनुभव को बताते हुए पौधों को लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया।उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधक द्वारा छात्र-छात्राओं को बिस्किट तथा फ्रूटी का वितरण भी किया गया।

