
लखनऊ,उत्तर.प्रदेश-समाचार10India। BLS इंटर कॉलेज, ठाकुरगंज में सत्र 2025–26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागतम् गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।विशेष रूप से ‘बागबान’ नाटक ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया और माता-पिता के प्रति सम्मान का संदेश दिया। इस अवसर पर पार्षद मनीष रस्तोगी, पार्षद सी.बी. सिंह, पूर्व नगर महामंत्री भाजपा महानगर राम अवतार कन्नौजिया एवं सह मीडिया प्रभारी लखनऊ महानगर भाजपा संकेत मिश्रा उपस्थित रहे। अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ, पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
अतिथियों ने अपने करकमलों से कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। आज हमारे बच्चों ने अपनी प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया है कि वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।” इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर, रत्ना गुप्ता, रोमा जाफरी,उमा शर्मा,शुभम साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

