सीएम योगी मंत्रिमंडल का तीसरा विस्तार जल्द, दस नए मंत्री किए जा सकते हैं शामिल

by Vimal Kishor

 

लखनऊ।

यूपी सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार करेगी। यह योगी सरकार का तीसरा विस्तार होगा। इसके लिए भाजपा संगठन और सरकार ने नाम तय कर लिए हैं। साथ ही इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल सोमवार को दिल्ली रवाना हो गए। इसी के साथ केंद्रीय नेतृत्व से विधान परिषद के लिए नामित किए जाने वाले एमएलसी के नामों पर भी मंथन होगा।

प्रदेश में जातीय व क्षेत्रीय संतुलन बिठाने के मद्देनजर कई महीनों से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि आसन्न विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संघ और केंद्रीय नेतृत्व से कई दौर की बैठकों के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति बन गई है। प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

फिलहाल योगी मंत्रिमंडल में 23 कैबिनेट मंत्री, 9 स्वतंत्र प्रभार मंत्री और 22 राज्यमंत्री हैं, यानी मंत्रियों की संख्या कुल 54 है। नियमों के मुताबिक, अभी 6 मंत्री पद खाली हैं। ऐसे में योगी सरकार अगर कैबिनेट से किसी भी मंत्री को नहीं हटाती है तो भी 6 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।

You may also like

Leave a Comment