अखिलेश यादव के निशाने पर फिर भाजपा आई, बोले- इस सरकार में आधी हुई कमाई

by Vimal Kishor

लखनऊ,समाचार10 India। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते देश में महंगाई बढ़ी है। किसान-नौजवान परेशान है, व्यापार धंधा चौपट हो गया है, देश में सब कुछ बेचा जा रहा है। इतना दुःख और तकलीफ लोगों को किसी सरकार में नहीं मिली। अब पूरे प्रदेश में बदलाव का माहौल दिख रहा है। व्यापारी का कारोबार में व्यापक जनसम्पर्क होता है, उसने मन बना लिया और ठान लिया तो भाजपा सरकार का अता-पता नहीं चलेगा।

अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में समाजवादी व्यापार सभा उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित ‘व्यापारी महाकुम्भ‘ को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर संजय गर्ग, अभिमन्यु गुप्ता, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, रविदास मेहरोत्रा और पवन मनोचा शामिल रहे। अखिलेश यादव को व्यापारी समाज ने महाराजा अग्रसेन की व्यवस्था के अंतर्गत एक ईंट, एक सिक्का भी भेंट किया।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने व्यापारियों के शानदार आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाजपा की कुनीतियों की चलते व्यापारियों की जेब खाली हो गई है। भाजपा राज में किसान आंदोलित है, कमाई आधी हो गई है, महंगाई दूनी हो गई है, ऐसे में परिवार कैसे खुशहाल रह सकता है। भाजपा ने नोटबंदी की, कालाधन नहीं आया किन्तु भ्रष्टाचार डबल हो गया है। लॉकडाउन के दौरान कारखाने बंद हो गए हैं।

उन्होंने कहा भाजपा व्यापारियों की पार्टी नहीं है, वह होती तो व्यापार खत्म नहीं करते। लॉकडाउन में तमाम उद्योग धंधे बंद हो गए। दुनिया भर में व्यापारियों की मदद हुई, इस देश में भाजपा सरकार ने कोई मदद की। व्यापार चौपट होने से व्यापारियों ने आत्महत्याएं कर ली। जिनका कारोबार बंद हो गया, दुबारा नहीं शुरू हो पाया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसे फैसले लिए हैं जिनसे देश का कारोबार खत्म हो गया है। बड़े-बड़े व्यापारियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आज दुनिया की सबसे बड़ी कम्पनी अमेजान पर कंडे बिक रहे है। अभी डीजल- पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, कपड़े, जूते पर जीएसटी लग गया है। ट्रांसपोर्ट का कारोबार पूरी तरह से ठप्प हो गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश को विश्वगुरू बनाने की बात करते हैं, लेकिन आज गुरु-शिष्य पिट रहे हैं। यूपी में व्यापारियों की हत्या हो रही है। प्रधानमंत्री के क्षेत्र में पुलिस के सामने सोनार की दुकान लूट ली गई। प्रतापगढ़ में व्यापारी की हत्या कर दी गई। पुलिस को हाईटेक बनाया था 100 नं0 यूपी डायल का भाजपा सरकार ने कबाड़ा कर दिया।

You may also like

Leave a Comment