यूपी चुनाव परिणाम: कभी बिजनौर की सातों सीटों पर लहराया परचम, अब मुकाबले से भी बाहर हुई बसपा, पहली बार यहीं से लोकसभा पहुंची थीं मायावती

by Vimal Kishor

लखनऊ। 2007 में जिले की सातों सीटों पर जीत का परचम लहराने वाली बसपा अब मुख्य मुकाबले से भी बाहर हो गयी है। अब सीट सात से बढ़कर आठ हो चुकी, लेकिन सभी पर बसपा तीसरे ही स्थान पर रही। यह वही बिजनौर है, जहां से ही 1989 में बसपा का दोनों सदनों में खाता खुला था। मायावती स्वयं पहली बार लोकसभा यहीं से चुनकर पहुंची थी। बसपा का दोनों सदनों में खाता1989 में बिजनौर से ही खुला था।

इससे पहले तक किसी भी सदन में बसपा का कोई सदस्य नहीं था।1989 में बिजनौर लोकसभा सीट से जीतकर मायावती पहली बार लोकसभा पहुंचीं थी। उस समय यूपी विधानसभा के चुनाव भी आम चुनाव के साथ ही हुए थे। प्रदेश भर में बसपा से जीते 13 विधायकों में से तीन विधायक बिजनौर जिले से चुने गए थे। 2007 में बसपा जिले में अपने चरम पर थी। जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर बसपा ने अपना परचम लहराया था।

2012 में जब पूरे प्रदेश में सपा की लहर थी, उस समय बिजनौर काफी हद तक अछूता रहा। परिसीमन के बाद आठ हुई विधानसभा सीटों में बसपा चार पर काबिज रही। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में बिजनौर की आठों सीटों में से बसपा को कोई सीट नहीं मिली। छह सीटों पर भाजपा और दो पर सपा विजयी हुई थी। अब 2022 के चुनाव में बसपा जिले की आठों सीटों पर मुख्य मुकाबले से बाहर नजर आई। सभी सीटों पर बसपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर ही रहे। इसका एक कारण समय के साथ पार्टी के परंपरागत वोटों के खिसकने के साथ ही सही टिकट वितरण न होना भी माना जा रहा है।

You may also like

Leave a Comment